लिट्टी के लिये आटा लगाइये
आटे को छान कर बर्तन में निकालिये, आटे में घी, खाने का सोडा, अजवायन और नमक डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिये, दही को फैट लीजिये और दही भी डाल कर मिला लीजिये, गुनगुने पानी की सहायता से नरम आटा गूथ लीजिये. गुथे हुये आटे को ढककर आधा घंटे के लिये ढककर रख दीजिये. लिट्टी बनाने के लिये आटा तैयार है.
पिठ्ठी तैयार कीजिये (How to make Stuffing for Litti)
अदरक को धोइये, छीलिये और बारीक टुकड़ों में काट लीजिये (कद्दूकस भी कर सकते हैं). हरी मिर्च के डंठल तोड़िये, धोइये और बारीक कतर लीजिये. हरा धनियां को साफ कीजिये, धोइये बारीक कतर लीजिये. सत्तू को किसी बर्तन में निकालिये, कतरे हुये अदरक, हरी मिर्च, धनियां, नीबू का रस, नमक, जीरा,अजवायन, सरसों का तेल और अचार का मसाला मिला लीजिये, अगर पिठ्ठी सूखी लग रही है तो 1-2 चम्मच पानी डालिये, सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लीजिये, सत्तू की पिठ्ठी तैयार है.
लिट्टी (How to make Litti)
गुथे हुये आटे से मध्यम आकार की लोइयां बना लीजिये. लोई को अंगुलियों की सहायता से 2-3 इंच के व्यास में बड़ा कर लीजिये, इस बड़ी हुई लोई पर 1 - 1 1/2 छोटी चम्मच पिठ्ठी रखिये और आटे को चारो ओर से उठा कर बन्द कीजिये, इस गोले को हथेली से दबा कर थोड़ा चपटा कीजिये, लिट्टी सिकने के लिये तैयार है.
तंदूर को गरम कीजिये, भरी हुई लोइयों को तंदूर में रखिये और पलट पलट कर ब्राउन होने तक सेकिये. (पारम्परिक रूप से लिट्टी उपले पर सेकीं जाती है)
चोखा How to make Chokha for Litti
बैगन और टमाटर धोइये और भून लीजिये, ठंडा कीजिये, छिलका उतार लीजिये, किसी प्याले में रख कर चमचे से मैस कीजिये, कतरे हुये मसाले और नमक, तेल डाल कर अच्छी तरह मिलाइये. लीजिये बैगन का चोखा तैयार है.
आप लहसुन और प्याज पसन्द करते है तब 5-6 लहसन की कली छीलिये बारीक कतरिये और एक प्याज छीलिये, बारीक कतरिये इन्हैं भी इस बैगन में मिला लीजिये.
आलू का चोखा (Aloo ka Chikha)
उबले आलू 4-5 छील कर बारीक तोड़ लीजिये, कतरे हुये अदरक, हरी मिर्च, हरे धनिये, लाल मिर्च, नमक मिलाइये, आलू का चोखा तैयार है.
परोसिये
चोखा प्याले में डालिये, गरमा गरम लिट्टी को पिघले हुये घी में डुबाइये, लिट्टी को बीच से तोड़ कर भी घी में डुबाया जा सकता है, चोखा के साथ, हरी धनिये की चटनी के साथ परोसिये और खाइये.
- चार सदस्यों के लिये
- समय - 1 घंटा, 30 मिनिट