Source: Dainik Bhaskar.com
ऐसे तो मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने कई कीर्तिमान रचे हैं। शायद ही कोई ऐसा रिकार्ड होगा जिस पर तेंदया ने अपना नाम अंकित ना किया हो। लेकिन इस समय जिस रिकार्ड पर सचिन प्रेमियों की निगाहें टिकी हुई हैं वो है टेस्ट क्रिकेट में सैकड़े का अर्धशतक। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सचिन इस रिकार्ड को अपने नाम कर सकते हैं।
सचिन ने 171 टेस्ट मैचों में 49 शतक जमाए हैं, और सैकड़े के अर्धशतक से वो महज एक कदम दूर हैं। यदि 4 नवंबर से न्यूजीलैंड के विरुद्ध शुरु हो रही घरेलू टेस्ट सीरीज में मास्टर का बल्ला बोलता है तो टेस्ट क्रिकेट में एक और मील का पत्थर तेंदुलकर के नाम हो जाएगा।
सचिन के 50वां टेस्ट शतक इसी साल जमाने की संभावनाएं अधिक हैं। साल 2010 को विदा होने में भले ही महज दो माह का समय बचा है, लेकिन तेंदुलकर इस समय जिस फार्म में हैं उसे देखकर लगता है कि कीवी टीम के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में ही वो प्रशंसकों को ये तोहफा दे देंगे।
सचिन ने इस वर्ष 6 टेस्ट और 1 वनडे शतक लगाया है, जिसमें से तीन दोहरे शतक हैं। दो बार वो सैंकड़े के बिल्कुल करीब पहुंचकर आउट हुए। सचिन ने 2010 में अबतक 97.69 की बेहतरीन औसत से 9 टेस्ट मैचों में 1,270 रन बनाए हैं। साथ ही इस जादुई बल्लेबाज ने इसी साल वनडे इतिहास का पहला दोहरा शतक भी जमाया है।
सचिन का ये फार्म देखते हुए शतकों का अर्धशतक अधिक दूर नहीं दिखता। सचिन की आक्रमकता इसी बात से साबित होती है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलूरु टेस्ट में जमाए दोहरे शतक में 100 रन का आंकड़ा छूने के लिए सचिन ने लगातार दो छक्के जड़े थे। 21 साल के करियर में सचिन ने इससे पहले ऐसा कभी नहीं किया है।
भारत और कीवी टीम के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 4 नवंबर से अहमदाबाद में खेला जाएगा। तो बस अपना दिल थामकर बैठ जाइये और इंतजार कीजिए मास्टर के अगले धमाके का।
No comments:
Post a Comment